जयपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को केंद्रीय और राज्य सरकार की ओर से पेश किए गए बजट को लेकर भाजपा जयपुर दक्षिण जिला की ओर से प्रबुद्धजन सम्मेलन तथा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रबुद्धजन सम्मेलन में सांसद मंजू शर्मा और राव राजेंद्र सिंह शेखावत ने तथा कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बजट को सर्व स्पर्शी, सर्व समावेशी बताते हुए विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने वाला बताया। इस दौरान विधायक कैलाश वर्मा, जयपुर दक्षिण जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर ने भी बजट को लेकर चर्चा की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद राव राजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में अपनी अलग पहचान बना रही है। देश के मजबूत केंद्रीय नेतृत्व के चलते आज हम विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़े है, और जल्द ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री ने विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए केंद्रीय बजट 2025-26 पेश किया है। इसी तर्ज पर राजस्थान सरकार ने विकसित राजस्थान के सपने के लिए हर वर्ग की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया।
सांसद राव राजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले किसी ने भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय नीति और भारत की अंतरिक्ष नीति पर काम नहीं किया लेकिन मोदी सरकार ने इन दोनों नीतियों पर कार्य किया, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इससे भारत विकसित देशों के साथ बराबर खड़ा हो पाया है। यह देश के स्वाभिमान और स्वालंबन की परिधी को परिभाषित करता है।
सांसद राव राजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपने पांव मजबूत किए है। आज भारत नासा की तुलना में कई गुणा कम लागत पर अंतरिक्ष में सेटेलाइट भेज रहा है, ऐसे में विश्व के कई देश हमारे प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे है। यह विश्व में हमारे मजबूत अंतरिक्ष नीति को दर्शाता है। इससे अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है। भारत स्मॉल न्यूक्लियर रिएक्टर के क्षेत्र में अपनी नई पॉलिसी के साथ कार्य कर रहा है। इससे देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और हम विकसित भारत 2047 के सपने का साकार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं