Halaman

    Social Items

जयपुर। उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को विद्याधर नगर की आंगनबाड़ी में कन्या पूजन कर कन्याओं को हलवा खिलाया और उन्हें उपहार भेंट किये। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन भी किया तथा 'शिशु संजीवनी' पोषण आहार का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि विटामिन एवं खनिजों से समृद्ध पोषण से भरपूर यह पूरक आहार शिशु संजीवनी 3 से 6 वर्ष के बच्चों को सप्ताह में दो बार दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि नंद घर वेदांता के सहयोग से बच्चों को यह पूरक आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक सशक्त राजस्थान की नींव स्वस्थ बच्चों और सशक्त बेटियों से ही रखी जा सकती है।
राज्य सरकार चाहती है कि छोटे बच्चों की सामयिक वृद्धि, समुचित विकास और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जाए। बाल पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल को बेहतर बनाने के लिए नंद घर की ओर से भी प्रयास किये जा रहे हैं।


उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्याधर नगर आंगनवाड़ी में किया कन्या पूजन, 'शिशु संजीवनी' का किया शुभारंभ

जयपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशालय महिला अधिकारिता की ओर से जयपुर के जवाहर कला केन्द्र में चल रहे राज्य स्तरीय अमृता हाट में भाग ले रही स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों के लिए शनिवार को रंगायन सभागार में एक विशेष डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री, राजस्थान सरकार, दिया कुमारी जी ने शिरकत की। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं को डिजिटल तकनीक अपनाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

वित्तीय और डिजिटल साक्षरता जरूरी
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापार में वित्तीय साक्षरता आवश्यक है, अतः महिलाओं को वित्तीय रूप से साक्षर होना भी बहुत जरूरी है। आज के समय में केवल उत्पाद बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही बाजार तक पहुंचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार राज्य स्तरीय अमृता हाट की विजिट के दौरान जब मुझे पता चला कि एसएचजी की महिलाएं अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री बहुत कम करती हैं। इसी को ध्यान में रखकर हमने महिला अधिकारिता निदेशालय के माध्यम से डिजिटल मार्केटिंग के लिए यह वर्कशॉप आयोजित की है। यह एक बहुत अच्छा माध्यम है। आप लोगों का ऑनलाइन या डिजिटल मार्केटिंग करना बहुत जरूरी है, वित्तीय साक्षरता जरूरी है। यह नॉलेज बहुत उपयोगी है और लोगों के बिजनेस को आगे बढ़ाने का यह आज बहुत आसान और अधिकतम लोगों तक पहुंचने वाला माध्यम है।

वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल
उन्होंने महिला उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि अब आप महिलाएं नौकरी मांगती नहीं बल्कि कई अन्य महिलाओं को नौकरी देती हो। यह महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी के द्वारा दिए गए मंत्र 'वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल' के अनुसार कार्य करना है, ताकि समूचे विश्व में आपके उत्पादों की मांग बढ़े और आपका व्यापार बढ़े। इसी से आप उद्यमशील महिलाओं को ग्लोबल बाजार उपलब्ध हो सकता है। राजस्थान की कला, हस्तशिल्प और आपके द्वारा बनाए गए उत्पाद बेजोड़ हैं,बहुत शानदार हैं, जरूरत है उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया तक पहुंचाने की।

हर प्रदर्शनी में होगा प्रशिक्षण
उप मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से राज्य में राज्य स्तर और जिला स्तर पर जो भी प्रदर्शनियां आयोजित होंगी, उनमें इस प्रकार की डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण
वर्कशॉप और वित्तीय साक्षरता की प्रशिक्षण कार्यशाला अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि इन महिलाओं के द्वारा तैयार उत्पाद को डिजिटल बाजार की उपयोगिता समझ में आ सके और ये अपने उत्पादों को ज्यादा बेच सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों, बैंकों और ई-कॉमर्स कंपनियों से भी आह्वान किया कि वे इन महिलाओं का उत्साहवर्धन करें और उनके व्यापार को आगे बढ़ाने में उनकी मदद करें।

प्रशिक्षण में क्या सिखाया गया
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप बिजनेस के उपयोग, उत्पादों की ऑनलाइन ब्रांडिंग, आकर्षक फोटो-वीडियो बनाना, डिजिटल प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पेमेंट, पैकेजिंग तथा ऑनलाइन ग्राहकों तक पहुँचने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर उनके आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

उप मुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने अमृता हाट की महिला उद्यमियों को दिया डिजिटल मंत्र - 'डिजिटल ज्ञान से बनेगी आर्थिक उड़ान'

जयपुर। विश्व सिनेमा, नई तकनीक, रचनात्मक प्रयोगों और अंतरराष्ट्रीय फिल्म सहयोग को समर्पित 19वें जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (JIFF 2027) की पहली सूची जारी कर दी गई है। महोत्सव का आयोजन 8 से 12 जनवरी 2027 तक जयपुर, राजस्थान में किया जाएगा।
महोत्सव की पहली सूची में 39 देशों की 248 नामांकित फिल्में शामिल हैं। ये फिल्में विभिन्न प्रतियोगिता श्रेणियों में पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस वर्ष महोत्सव को विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से निर्मित फिल्मों की बड़ी भागीदारी के कारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष जयपुर में AI तकनीक के माध्यम से बनाई गई फिल्मों की उल्लेखनीय संख्या दर्शकों को देखने का अवसर मिलेगा।
JIFF 2027 के लिए दुनिया के 80 देशों से कुल 1,805 फिल्मों के आवेदन प्राप्त हुए। पहली सूची में भारत की 119 और विदेशों की 129 फिल्में शामिल हैं। सूची में 14 छात्र फिल्में भी दर्ज हैं। फिल्में विभिन्न भाषाओं, देशों और सिनेमाई शैलियों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

AI फिल्मों का विशेष आयोजन: इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण
इस वर्ष JIFF में AI फिल्म निर्माण को विशेष महत्त्व दिया गया है। पहली सूची में AI फीचर फिक्शन, AI शॉर्ट फिक्शन, AI डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट, AI एनिमेशन शॉर्ट तथा AI म्यूजिक वीडियो जैसी श्रेणियाँ शामिल हैं। सूची में AI से संबंधित कुल 35 फिल्में हैं।
एआई श्रेणियों में चयनित फिल्मों में जर्मनी की ‘अपडेट’, अमेरिका की ‘हेडन: पैट्रन सेंट ऑफ द ऑब्सेस्ड’, जापान की ‘द स्क्राइब एंड द स्वॉर्ड्समैन’ और ‘ए ब्लैंक पेज’, दक्षिण कोरिया की ‘फ्लैशओवर: द बर्निंग फायरफाइटर’ और ‘मेड विद लव’, भारत की ‘बिफोर डॉन’, ‘द फाइनल इंटरव्यू’, ‘द इन्सेक्ट पैंडेमिक’ और ‘सेतु’, साइप्रस की ‘लॉस्ट एंड फाउंड’, चीन की ‘ओनली लव’, वियतनाम की ‘द वे आउट…’, कजाकिस्तान की ‘ओरनेक’, अमेरिका की ‘ले ड्रिप’, ‘रेल-बाउंड’ तथा यूनाइटेड किंगडम की ‘महाभारत: ए सिनेमैटिक टाइमलाइन’ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एआई म्यूजिक वीडियो श्रेणी में ‘डिवाइन: ऑफिशियल म्यूजिक वीडियो’ और ‘लायनेस बाय मानसी टी.’ का भी चयन किया गया है।
आयोजकों का मानना है कि AI तकनीक फिल्म निर्माण की पारंपरिक प्रक्रियाओं को नई दिशा दे रही है। इससे कहानी कहने, दृश्य कल्पना, एनीमेशन, संगीत और कम संसाधनों में फिल्म निर्माण की नई संभावनाएँ सामने आ रही हैं। महोत्सव में AI फिल्मों की भागीदारी रचनात्मकता, तकनीकी नवाचार और सिनेमा के भविष्य पर चर्चा का अवसर भी प्रदान करेगी।

संस्थापक निदेशक हनु रोज का वक्तव्य
JIFF के संस्थापक निदेशक हनु रोज ने कहा, “जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्देश्य हमेशा से फिल्मकारों को प्राथमिकता देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और दुनिया भर के सिनेमा को एक साथ लाना रहा है। इस वर्ष AI फिल्मों पर विशेष ध्यान देना इसी सोच का हिस्सा है। सिनेमा तेजी से बदल रहा है और नई तकनीक फिल्मकारों को अपनी कल्पनाओं को नए रूप में प्रस्तुत करने के अवसर दे रही है। हमारा प्रयास है कि स्थापित फिल्मकारों के साथ-साथ स्वतंत्र, युवा, छात्र और तकनीक के माध्यम से नए प्रयोग करने वाले फिल्मकारों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच मिले।”
उन्होंने कहा कि JIFF 2027 में विभिन्न देशों की फिल्मों के माध्यम से अलग-अलग संस्कृतियों, भाषाओं, सामाजिक अनुभवों और रचनात्मक दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिलेगा। महोत्सव का मूल उद्देश्य फिल्मकारों, निर्माताओं, दर्शकों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के बीच सार्थक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।

फीचर फिल्म से लेकर मोबाइल फिल्म तक, विविध श्रेणियों में चयन
पहली सूची में फीचर फिक्शन, डॉक्यूमेंट्री फीचर, शॉर्ट फिक्शन, डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट, एनीमेशन फीचर, एनीमेशन शॉर्ट, AI फिल्में, छात्र फिल्में, मोबाइल फिल्में, विज्ञापन फिल्में, वेब सीरीज, संगीत/गीत/एल्बम और AI म्यूजिक वीडियो जैसी श्रेणियाँ शामिल हैं।
फीचर फिक्शन श्रेणी में भारत और दुनिया के विभिन्न देशों की फीचर फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से सिनेमा की विविधता, संस्कृति, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक विषयों को प्रस्तुत किया जाएगा। फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की ‘हिसाब’ (हिंदी), ‘जॉकी’ (तमिल), ‘बिली चुक्की हल्ली हक्की’ (कन्नड़), ‘फोर ऑफ अ काइंड’ (अंग्रेज़ी) और ईरान की ‘लिडोकेन’ (फारसी), ‘काउंट टू 10’ (अंग्रेज़ी एवं फारसी) तथा स्पेन और वेनेजुएला की ‘होम स्टोरीज़’ (इतालवी एवं स्पेनिश) प्रमुख चयनित फिल्मों में शामिल हैं। ये फिल्में विभिन्न भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की विविधता को सामने लाती हैं।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म श्रेणी में भी भारत और विदेशों की उल्लेखनीय फिल्में दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगी। इनमें जर्मनी और यूक्रेन की ‘अवर कलर्स नेवर फेड’ (अंग्रेज़ी एवं यूक्रेनी), फ्रांस की ‘लिविंग 1 न्यू डे’ (फ्रेंच), अमेरिका की ‘आई वाज़ थिंकिंग ऑफ यू’ (अंग्रेज़ी), भारत की ‘एयर राइजर्स’ (अंग्रेज़ी, हिंदी एवं मराठी), ‘वेलकम होम’ (अंग्रेज़ी एवं हिंदी), ‘विटियुम वरे (अनटिल डॉन)’ (तमिल) तथा ईरान की ‘लैंडस्टोन’ (फारसी) शामिल हैं। इन फिल्मों के माध्यम से अलग-अलग देशों की कहानियों, अनुभवों, संस्कृति और वास्तविक जीवन से जुड़े विषयों को देखने का अवसर मिलेगा।
छात्र फिल्म, मोबाइल फिल्म, विज्ञापन फिल्म, संगीत, गीत, एल्बम और वेब सीरीज जैसी श्रेणियाँ भी महोत्सव को विविधता प्रदान करती हैं। छात्र फिल्म श्रेणी में परतफेड, जेमजेमे-हाये बादकोनाक, डेड ब्यूटी, सौदा और खिड़की शामिल हैं। वहीं, मोबाइल फिल्म श्रेणी में द टेल ऑफ कथा और द बर्ड कॉल्स यू नामांकित हैं।

फिल्मों के विषय और वैश्विक दृष्टिकोण
पहली सूची में सामाजिक जीवन, मानवीय संबंधों, व्यक्तिगत संघर्षों, सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति, पर्यावरण, विरासत, स्मृतियों, परिवार, तकनीकी बदलाव और कल्पनाशील कथाओं से जुड़े विविध सिनेमाई दृष्टिकोण दिखाई देते हैं। डॉक्यूमेंट्री फिल्में वास्तविक जीवन और समाज के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाती हैं, जबकि फिक्शन और एनीमेशन की फिल्में कथा, पात्रों और दृश्य प्रयोगों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करती हैं।
AI फिल्मों की उपस्थिति यह भी दर्शाती है कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई तकनीक और मानवीय रचनात्मकता के बीच संबंध लगातार विकसित हो रहा है। हालांकि, प्रत्येक फिल्म का सटीक विषय और कथासार उसके आधिकारिक सिनॉप्सिस के आधार पर ही निर्धारित किया जाएगा।

दूसरी सूची नवंबर में जारी होगी
JIFF 2027 की पहली सूची के बाद नामांकित फिल्मों की दूसरी सूची नवंबर 2026 में जारी की जाएगी। चयनित फिल्मों की अंतिम स्क्रीनिंग और विस्तृत कार्यक्रम-सारणी महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। पहली सूची में नामांकित सभी फिल्मों का प्रदर्शन सुनिश्चित नहीं है; स्क्रीनिंग समिति कार्यक्रम के लिए सीमित संख्या में फिल्मों का चयन करेगी।

JIFF के प्रवक्ता राजेंद्र बोरा का वक्तव्य
JIFF के प्रवक्ता राजेंद्र बोरा ने कहा, “इस वर्ष जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में AI फिल्मों की विशेष भागीदारी एक बड़ा आकर्षण होगी। आयोजकों की दृष्टि में, दुनिया में पहली बार किसी फिल्म महोत्सव में इतनी बड़ी संख्या में AI से निर्मित फिल्मों को एक साथ देखने का विशेष अवसर जयपुर में उपलब्ध होने जा रहा है। यह फिल्मकारों, तकनीकी विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों के लिए एक नया अनुभव होगा।”
उन्होंने कहा कि JIFF 2027 पारंपरिक सिनेमा और नई तकनीक के बीच संवाद को आगे बढ़ाएगा। जयपुर एक बार फिर देश-विदेश के फिल्मकारों, रचनात्मक प्रतिभाओं और सिनेमा से जुड़े लोगों के मिलने का मंच बनेगा।

जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव–JIFF 2027 की पहली सूची जारी, 8 से 12 जनवरी 2027 तक होगा 19वाँ जयपुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव

यामी गौतम धर स्टारर फिल्म 'नई नवेली' की ग्रैंड रिलीज से पहले आज लीड एक्ट्रेस ने जयपुर का दौरा किया। एक्ट्रेस अपनी फिल्म के शानदार प्रमोशन के सिलसिले को खूबसूरती से आगे बढ़ाने हुए राज मंदिर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। हाल ही  में यामी ने इस विश्वास पर अपना भरोसा दिखाते हुए कि हर नए सफर की शुरुआत भगवान राम के नाम से होती है, अयोध्या में भगवान राम का आशीर्वाद लिया था, जिसके बाद उनका यह दौरा भी बेहद खास होने वाला है। 
जयपुर में फिल्म के लिए अपनी सच्ची डेडीकेशन को दिखाते हुए एक्ट्रेस अपना दौरा करने वाली हैं। अपनी शानदार स्क्रिप्ट चॉइसेज और स्क्रीन पर बड़े सहज अंदाज में मौजूदगी दिखाने के साथ, यामी एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर नई कहानी के साथ दर्शकों का दिल जीतने और उनके लिए कुछ बेहद अलग पेश करने के लिए तैयार हैं।
फिल्म में यामी का किरदार उनके द्वारा निभाए जाने वाले सभी किरदारों से बेहद अलग है और नई दुनिया में बुना गया है। बता दें कि नई नवेली इंडिया की अपनी फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें भारतीय परिवारों में देखी जाने वाली फैंटेसी, ह्यूमर, एक्शन और अटकलों की झलक देखने मिलती है।
फिल्म को बालाजी मोहन ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जबकि, इसे आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। नई नवेली का म्यूजिक जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। यह फिल्म इस दशहरा, 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

यामी गौतम धर ने किया जयपुर का दौरा, फिल्म "नई नवेली" की रिलीज़ से पहले राज मंदिर जाकर आगे बढ़ाया प्रमोशन का सिलसिला

​जयपुर में फैशन और कला प्रेमियों के लिए एक बड़ा अवसर आने वाला है। कल, रविवार (27 सितंबर 2026) को वैशाली नगर स्थित होटल फॉक्ससो फिओरी में प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट 'एलीगेंस मिस एंड मिसेज दिवा राजस्थान 2026' का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
​एस एस इवेंट्स (SS Events & Entertainment) के बैनर तले होने वाले इस आयोजन के मुख्य आयोजक आर्टिस्ट शुभम खंडेलवाल हैं। इस इवेंट को लेकर हाल ही में शहर के अलाइव कैफे एंड रेस्टोरेंट में इसका भव्य पोस्टर लॉन्च किया गया था।
​पोस्टर विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मिसेज इंडिया ग्लैम 2024 विनर पूनम गिडवानी और 'द क्राउन मिसेज इंडिया' विजेता गरिमा चौहान ने विशेष रूप से शिरकत की थी। इस दौरान बेटी फाउंडेशन के अध्यक्ष राज शर्मा, उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, भावेश अरोरा और गोविंद सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे थे।
​आयोजक शुभम खंडेलवाल ने बताया कि कल होने वाले इस ग्रैंड फिनाले में देश के अलग-अलग शहरों से पधारे प्रतिभागी अपनी प्रतिभा, हुनर और फैशन कला का शानदार प्रदर्शन करेंगे। इस पेजेंट का मुख्य उद्देश्य राजस्थान और देश की युवतियों व महिलाओं को एक बड़ा मंच देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में एक नई पहचान दिलाना है।

जयपुर में कल होगा भव्य 'एलीगेंस मिस एंड मिसेज दिवा राजस्थान 2026' का महाकुंभ

जयपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में आयोजित किए जा रहे आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत जयपुर में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अमर जवान ज्योति और अल्बर्ट हॉल पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा को प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. अल्का गुर्जर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

 राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’ वी
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के संकल्प के प्रति सम्मान और शुभकामना का प्रतीक ह. यह दीप देश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति जनभागीदारी का संदेश भी देता है।.भाजपा महिला  मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में केंद्र सरकार की
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के व्यापक वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा ककि जन-धन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला, वहीं उज्ज्वला योजना के जरिए करोड़ों परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम हुआ। राखी ने कहा कि इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाने, डिजिटल इंडिया और UPI के माध्यम से डिजिटल लेन-देन को विस्तार देने तथा मेक इन इंडिया के जरिए देश में विनिर्माण को बढ़ावा देने जैसी पहलों का उल्लेख किया गया।

अमर जवान ज्योति और अल्बर्ट हॉल पर हुआ दीप प्रज्वलन :
जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के तहत अमर जवान ज्योति और अल्बर्ट हॉल पर दीप प्रज्वलित किए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. 
इस अवसर पर महिला मोर्चा की महामंत्री मूर्ति मीना, प्रदेश उपाध्यक्ष शिखा वैद्य, मीडिया  संयोजक सुजाता मीना, सृष्टि सेठी, प्रदेश पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ मनाने का संदेश दिया। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में कार्यकर्ता और आमजन दीप प्रज्वलित कर शुभकामनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

एक दीया आशीर्वाद का, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जयपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल माध्यम  से तथा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, सीआर चौधरी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। 
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा की भजनलाल सरकार पर भरोसा जताया है, अब पंचायत चुनाव में भी प्रदेश की जनता भारी बहुमत के साथ भाजपा को विजयी बनाएगी। मेयर चुनाव के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस कभी तो हम पर आरोप लगाती है, अब कांग्रेस कह रही है कि क्रॉस वोटिंग उनके पक्ष में होगी। इसका मतलब उनको अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि वो कर क्या रहे हैं। कभी तो हमारे लिए कहते थे कि हम मैनेज कर रहे हैं। अब वो मैनेज करने का प्रयास कर रहे हैं। वो क्रॉस वोटिंग करवाना चाहते हैं। कांग्रेस कुछ भी कर लें, कुछ नहीं होगा, भाजपा बहुमत के साथ मेयर बना रही है। 
भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने हाल ही में हुए चुनावों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश का आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल के तीन वर्षों के कार्यों पर जनता ने अपनी मुहर लगाते हुए भाजपा को आशीर्वाद दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।
चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में देशभर के आंकड़ों को देखें तो पार्षद के चुनाव में 40 से 42 प्रतिशत जीत का आंकड़ा भी बड़ी सफलता माना जाता है। राजस्थान में टिकट वितरण के दौरान कुछ कार्यकर्ता नाराज होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे थे। बड़ी संख्या में ऐसे कार्यकर्ता जो भाजपा से जुड़े हुए थे और निर्दलीय चुनाव लड़े, अब वापस पार्टी में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने बड़े पैमाने पर भाजपा को समर्थन दिया है और आने वाले समय में पंचायत चुनावों में भी भाजपा सभी 41 जिला परिषदों में बहुमत हासिल करेगी। यूजीसी से जुड़े विषय पर उन्होंने कहा कि यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने इस विषय पर विचार करने की बात कही है। राज्य सरकार का भी स्पष्ट मत है कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी आदेश आने वाले समय में होगा, उसके अनुरूप इस विषय पर विचार और चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में इस विषय का कितना प्रभाव रहा, इसे लेकर उनके पास कोई आंकड़ा नहीं है, लेकिन राजस्थान के सर्व समाज और सभी वर्गों के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पहली बार लोकतंत्र के इतिहास में 309 निकायों में एक साथ चुनाव हुए। सरकार ने पहली बार प्रदेश स्तर पर संकल्प पत्र जारी किया और प्रत्येक निकाय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन संकल्पों को जनता के बीच लेकर जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी मतदाताओं ने भाजपा को समर्थन दिया है। 30 से अधिक निकायों में भाजपा के निर्विरोध निर्वाचन को भी उन्होंने पार्टी के प्रति जनता के समर्थन का संकेत बताया। राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से न तो घोषणा पत्र जारी किया गया और न ही जिला स्तर पर प्रभावी संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी भी चुनाव प्रचार में दिखाई नहीं दी।
राठौड़ ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के लोगों को गुमराह करने और जिस प्रकार का प्रदर्शन किया गया, उसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। देश के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा व्यक्त करने का काम किया है।  दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणाम से विद्यार्थियों के समर्थन का रुझान स्पष्ट हुआ है। देशभर से विद्यार्थी दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन करते हैं। एनएसयूआई के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे दावों के बाद चुनाव परिणाम ने उन दावों की वास्तविकता सामने ला दी है। बैठक में प्रदेश के सभी संभाग प्रभारी एवं संगठन के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। 

निकाय के बाद अब पंचायत चुनाव में भी प्रदेश की जनता भाजपा को देगी आशीर्वाद:— मदन राठौड़

जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जयपुर जिले की चाकसू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चन्दलाई में ₹4.51 करोड़ की लागत से होने वाले अटल पथ, सड़क चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को विकास कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के गांवों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क विकास परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा व्यापार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ गांव-गांव तक बेहतर और मजबूत आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण जैसे कार्य ग्रामीण विकास की गति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में पूज्य संत श्री संतोष जी महाराज, राजपूत सभा भवन के अध्यक्ष श्री राम सिंह जी चन्दलाई, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेश गुर्जर जी, प्रशासक श्री अनिरुद्ध सिंह जी चन्दलाई, जिला उपाध्यक्ष श्री हरिमोहन शर्मा जी, जिला महामंत्री श्री शिवजी राम जी, जिला मंत्री श्रीमती सुमन कुमावत जी, मंडल अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद मीणा जी, श्रीमती चंचल जोशी जी, उपसरपंच श्रीमती रेखा शर्मा जी, श्रीमती संतोष सैनी जी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता माताएं-बहने एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने चन्दलाई में रखी विकास की नींव, चन्दलाई में ₹4.51 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास, गांव में मजबूत होगी सड़क कनेक्टिविटी,